नैनीताल हाईवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया।
दिल्ली से उत्तराखंड लौट रही एक टैक्सी कार नया गांव बाईपास के पास आगे चल रहे कैंटर में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, लेकिन सीट बेल्ट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी विजेंद्र सिंह रावत अपने मित्र हरीश सिंह रावत और जगदीश सिंह के साथ दिल्ली में एक समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह तीनों टैक्सी कार से वापस उत्तराखंड लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार नैनीताल हाईवे स्थित नया गांव बाईपास के पास पहुंची, अचानक वह आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों यात्रियों ने सीट बेल्ट पहन रखी थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं और वे बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।

