एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में लालकुआं पुलिस को मिली बड़ी सफलता
एक साथ लालकुआं सहित काठगोदाम व मुखानी के 7 दुकानों की चोरी मामलों का खुलासा, शातिर हिस्ट्रीशीटर पिद्दा व साथी गिरफ्तार, दर्ज हैं 45 मुकदमे
₹2.28 लाख से अधिक की नकदी, चोरी की मोटरसाइकिल व मोबाइल बरामद
लालकुआं/नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लालकुआं पुलिस ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्रों में हुई सात दुकानों की चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से ₹2,28,200 की चोरी की नकदी, एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 मई, 9 जून और 15 जून 2026 को लालकुआं क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
इसके बाद गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद 26 जून 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लालकुआं के चार, मुखानी के दो और काठगोदाम के एक चोरी के मुकदमे कबूल कर लिए। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल ₹2.28 लाख से अधिक की नकदी, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK04L-3095) तथा लगभग ₹16 हजार कीमत का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया, जिसे चोरी के पैसों से खरीदा गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्लों से नकदी चोरी करता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी रखता था। चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे। पुलिस के अनुसार दोनों का कोई स्थायी निवास भी नहीं है।
मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा थाना लालकुआं का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस प्रकार दोनों आरोपियों पर कुल 45 मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में चौकी हल्दूचौड़ प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी गोस्वामी, कांस्टेबल कुबेर सिंह, मनीष शर्मा और राजेश कुमार शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पूरी पुलिस टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।


