बीएसएनएल के 4जी टावरों को फाइबर से जोड़ने और नए मोबाइल टावर स्थापित करने की उठाई मांग, केंद्रीय मंत्री ने सर्वे कर जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन
नई दिल्ली/भीमताल। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से शिष्टाचार भेंट कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की संचार व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की मांग उठाई। उन्होंने क्षेत्र के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन गांवों में मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाओं के विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में एक दर्जन से अधिक बीएसएनएल के 4जी टावर स्थापित किए गए हैं। हालांकि इनमें से कई टावर सैटेलाइट के माध्यम से संचालित हो रहे हैं, जिसके कारण उनकी सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो पा रही हैं।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र के कई ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में आज भी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसका सीधा असर स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों और विभिन्न सरकारी सेवाओं के उपयोग पर पड़ रहा है। कई गांव आज भी नेटवर्क विहीन हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मंत्री कैड़ा ने मांग की कि जिन स्थानों पर बीएसएनएल के नए 4जी टावर लगाए गए हैं, उन्हें फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क से जोड़ा जाए, ताकि संचार सेवाएं अधिक तेज और विश्वसनीय बन सकें। इसके साथ ही नेटवर्क विहीन गांवों में नए मोबाइल टावर स्थापित करने और बीएसएनएल की सेवाओं को आधुनिक एवं मजबूत बनाने का भी आग्रह किया।
इस पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को भीमताल क्षेत्र में संचार सेवाओं का विस्तृत सर्वे कराने और नेटवर्क कनेक्टिविटी को जल्द से जल्द सुदृढ़ करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है। यहां बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा।


