ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रामनगर पुलिस टीम की बड़ी कार्रवाई: लूटी गई स्कॉर्पियो सहित जिला बदर अभियुक्त को किया गिरफ्तार, गुंडा अधिनियम में भी दर्ज किया मुकदमा।

रामनगर (नैनीताल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट के मामले में फरार चल रहे जिला बदर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है। साथ ही जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को पीरूमदारा निवासी सफीक हैदर ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि चार युवकों ने उनकी स्कॉर्पियो कार, नकदी और चांदी की चेन लूट ली तथा उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर कोतवाली रामनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

लगातार प्रयासों के बाद 25 जून 2026 को चेकिंग के दौरान हाथीडगर क्षेत्र से अभियुक्त योगेश सागर उर्फ मंकू पुत्र छत्रपाल सिंह, निवासी ग्राम लूटाबड़, रामनगर को लूटी गई स्कॉर्पियो सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त को मार्च 2026 में जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा छह माह के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन वह बिना अनुमति जनपद नैनीताल की सीमा में पाया गया।

इस पर उसके खिलाफ धारा 3/10 गुंडा अधिनियम के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी विधानसभा को बड़ी सौगात: कुसुमखेड़ा–कमलुवागांजा–लामाचौड़ मोटर मार्ग होगा फोर लेन, प्रथम चरण को मिली मंजूरी
error: Content is protected !!