ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर कोर कमेटियों का गठन कर दिया है।

केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर गठित इन कमेटियों की बैठकों का दौर भी शुरू हो चुका है, जिनमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को धार देने पर मंथन किया जा रहा है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की कोर कमेटी में सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, महापौर, पालिका अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, सरकार में दायित्वधारी, जिला अध्यक्ष तथा संबंधित विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्षों को शामिल किया गया है। स्थानीय परिस्थितियों और संगठनात्मक आवश्यकताओं के अनुसार कमेटियों के सदस्यों की संख्या अलग-अलग हो सकती है।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव तक पार्टी के सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और जमीनी स्तर की चुनावी रणनीतियों के संचालन में ये कोर कमेटियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इनके माध्यम से शीर्ष नेतृत्व और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि कोर कमेटियों का गठन संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और वर्ष 2027 के चुनाव की तैयारियों को मजबूती देने के उद्देश्य से किया गया है। प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं में इनकी बैठकें शुरू हो चुकी हैं, जिनमें स्थानीय मुद्दों, बूथ प्रबंधन और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जा रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को पुनः बहुमत दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।

साथ ही कहा कि कोर कमेटियों का मुख्य उद्देश्य शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक समन्वय को मजबूत बनाना है, ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता सीधे चुनावी अभियान से जुड़ सके।

यह भी पढ़ें :  Youngest Producer Kartik Paliwal Embarks on Sacred Kanwar Yatra from Haridwar to Maneshwar Mahadev
error: Content is protected !!