ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हेड़िया स्कूल में तीन दिन से नहीं पहुंचे शिक्षक, सीडीओ ने मांगी रिपोर्ट

पदमपुरी इंटर कॉलेज का भी किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक

नैनीताल/धारी/भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने बुधवार को धारी और भीमताल ब्लॉक के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हेड़िया गांव के विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि पदमपुरी इंटर कॉलेज की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

हेड़िया गांव स्थित विद्यालय में कुल 13 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन पिछले तीन दिनों से एक भी शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचा। दोनों नियमित शिक्षक अवकाश पर हैं। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत भेजे गए शिक्षक हरीश चन्द्र पाठक भी बिना सूचना अनुपस्थित मिले।

सीडीओ ने कहा कि क्षेत्र जंगली जानवरों के आतंक से प्रभावित है और ऐसी स्थिति में बच्चों को बिना शिक्षक के छोड़ना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करते हुए पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भेज दी है।

इसके बाद सीडीओ ने धारी ब्लॉक स्थित संत सोमवारी महाराज राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां 306 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित मिले और विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में कक्षा 12 के विद्यार्थियों की क्लास भी ली। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और बड़ा लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, बीएलओ घर-घर पहुंचकर भरवा रहे गणना प्रपत्र
error: Content is protected !!