उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 7 अधिकारियों को मिली नई व अतिरिक्त जिम्मेदारियां
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चार आईएएस, दो पीसीएस तथा एक सचिवालय सेवा अधिकारी सहित कुल सात अधिकारियों को नई एवं अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में शासन स्तर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार आईएएस अधिकारी विनोद कुमार सुमन को सचिव-प्रोटोकॉल, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, सचिव-राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, विभिन्न बाह्य सहायतित परियोजनाओं के परियोजना निदेशक एवं महानिदेशक-यूएलएमएमसी के दायित्वों के साथ उत्तराखंड डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस एंड रेजिलिएंस प्रोजेक्ट (यू-प्रिपेयर) का परियोजना निदेशक नियुक्त किया गया है।
आईएएस अधिकारी सौरभ गहरवार को अपर सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि झरना कामठान को अपर सचिव-पेयजल एवं निदेशक-स्वजल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में ग्राम्य विकास विभाग एवं आरईएपी परियोजना निदेशक के दायित्व भी संभाल रही हैं। वहीं प्रकाश चंद को अपर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग का कार्यभार दिया गया है।
पीसीएस अधिकारी स्मृता परमार को उनके वर्तमान पदभार के साथ अपर जिलाधिकारी (एडीएम), देहरादून का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में पीसीएस अधिकारी सुन्दर लाल सेमवाल को अपर सचिव-समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम तथा आयुक्त-दिव्यांगजन, उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अपर सचिव-समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण एवं सचिवालय प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
शासन द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को विभिन्न विभागों के कार्यों में तेजी लाने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

