ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भाजपा के खिलाफ हरीश रावत ने कर ली कोर्ट जाने की तैयारी, पाक जासूस दिखाने पर आगबबूला

देहरादून। कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नेहरू कालोनी थाने पहुंचकर भाजपा नेताओं के विरुद्ध तहरीर दी। उन्होंने भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने एआइ वीडियो के जरिये उनकी छवि को धूमिल करने का काम किया है। उनका एआइ वीडियो जिस प्रकार से प्रचारित किया गया है, वह एक षड्यंत्र के तहत किया गया है। जिसके लिए उनकी मांग है कि भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो वह भाजपा कार्यालय पर धरना देने के लिए मजबूर हो जाएंगे। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा के आफिशियल पेज पर उनका एआइ वीडियो प्रसारित किया गया है। इसे उनके कई नेता शेयर कर चुके है। इस दौरान कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।

पूर्व सीएम हरीश रावत को एआई वीडियो से पाकिस्तान का जासूस दिखाने पर राजनीति गरमा गई है। हरीश रावत ने इस बाबत एफआईआर दर्ज करा दी है और अब उन्होंने भाजपा के इस कृत्य के खिलाफ कोर्ट जाने की भी तैयारी कर रहे हैं।

हरीश रावत इसके अलावा गांव के प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और सभी को पत्र भी लिखेंगे। उन्होंने कहा कि मैं इस घटिया दुष्प्रचार का पर्दाफाश करूंगा।

मीडिया से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मैं कल पुलिस स्टेशन पहुंचा था। काफी संघर्ष के बाद आखिरकार 4 घंटे बाद एफआईआर (FIR) दर्ज हो गई। मैं इस घटिया दुष्प्रचार का पर्दाफाश करूंगा। मैं गांव स्तर के प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और सभी को पत्र भी लिखूंगा। उन्होंने आगे कहा कि किसी की देशभक्ति पर शक करने वाले आप कौन होते हैं? यह उस नफरत की पराकाष्ठा है जो भाजपा अपने विरोधियों के लिए अपने दिल में रखती है। मैं अदालत भी जाऊंगा।

इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ चलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार के विरोध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रावत ने नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन पहुंचकर पेन ड्राइव और अन्य सबूतों के साथ लिखित शिकायत सौंप दी है। इस शिकायत के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है।

रावत ने आरोप लगाया कि पुलिस को एफआईआर दर्ज करने में चार घंटे का समय लगा, जो एक आम आदमी की मुश्किलों को दर्शाता है। रावत ने भाजपा अध्यक्ष और उनके सहयोगियों पर एआई (AI) का गलत इस्तेमाल कर उनकी छवि खराब करने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने भरोसा जताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस दोषियों को सजा दिलाएगी।

बता दें कि भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर हाल ही में एक एआई-जनरेटेड (AI-generated) रील अपलोड की गई, जिसमें हरीश रावत को तुष्टीकरण के समर्थक के रूप में दिखाया गया है।

रील में एक कांग्रेस नेता को यह कहते सुना जा सकता है कि “मैं मुस्लिमों की शरण लेता हूं, मैं दरगाहों की शरण लेता हूं, मैं लव जिहाद की शरण लेता हूं”। वीडियो में दरगाह का निर्माण दिखाया गया है और कुछ लोग ‘देवभूमि’ को दरगाहों की भूमि में बदलने की बात करते हुए मुस्कुरा रहे हैं।

रील के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पुलिस बल और बुलडोजर के साथ चलते हुए दिखाया गया है। रावत ने दावा किया कि एक “फर्जी” भाजपा प्लेटफॉर्म से एक और एआई वीडियो अपलोड किया गया, जिसमें उन्हें जासूसी करने वाला गद्दार पाकिस्तानी एजेंट बताया गया है। भाजपा ने इस दूसरे वीडियो (पाकिस्तानी एजेंट वाले) से किसी भी तरह के संबंध होने से इनकार किया है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नरेंद्र जी ने नवनियुक्त न्यायधीश सिद्धार्थ साह को दिलाई पद व गोपनीयता की शपथ
error: Content is protected !!