हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मन्जूनाथ टीसी के निर्देशन में हल्द्वानी और मुखानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की वारदातों का खुलासा कर तीन शातिर सपेरों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से लगभग 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चाँदी के आभूषण एवं बर्तन बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने 5 मई 2026 को तहरीर देकर बताया कि वह 1 मई को अपने घर से कोटाबाग गए हुए थे।
इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चाँदी के जेवर चोरी कर लिए। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 147/26 धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं थाना मुखानी क्षेत्र में 8 मई 2026 को लक्ष्मण सिंह निवासी कृष्णापुर मुखानी ने तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर घर का लॉक तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी कर ले गए।
इस मामले में थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी तथा कोतवाली हल्द्वानी व मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि हरिद्वार नंबर की बाइक पर दो संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूमते देखे गए थे।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 9 मई 2026 को बेल बाबा मंदिर के पास से तीन अभियुक्तों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर तथा रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु निवासी सपेरा बस्ती फेरूपुर, थाना पथरी जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सपेरे का काम करते हैं और नैनीताल घूमने आए थे। वापसी के दौरान हल्द्वानी में होटल में रुके तथा रात में बंद घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चाँदी के आभूषण एवं बर्तन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।

