ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ की संयुक्त कार्रवाई, बोलेरो पिकअप व अल्टो कार सीज, एक आरोपी फरार

भीमताल। नैनीताल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुर्गा सप्लाई वाहन की आड़ में की जा रही चरस तस्करी का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जगदीश चन्द्र तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट की टीम ने खुटानी बैंड के पास सोना मटन चिकन शॉप के सामने लाल रंग की अल्टो कार और उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप को रोककर जांच की।

चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन से एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला। तलाशी लेने पर बोलेरो चालक अख्तर हुसैन के कब्जे से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से अख्तर हुसैन और विजय सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली भीमताल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप संख्या UK04CB-3477 और अल्टो कार संख्या UK04G-3379 को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी बच्चीराम की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मुखानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध तमंचा और कारतूस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
error: Content is protected !!