हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी की धर्मपत्नी स्वर्गीय डॉ. सुशीला तिवारी की पुण्यतिथि पर शनिवार को डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, चिकित्सालय अधिकारियों, विचारकों एवं समर्थकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. सुशीला तिवारी के सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाजसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को प्रेरणादायी बताया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पं. नारायण दत्त तिवारी के भतीजे मनीषी तिवारी, प्रदेश संयोजक क्षेत्र पंचायत सदस्य संगठन राजेंद्र चंद्र दुर्गापाल (पूर्व प्रधान), एम.एस. डॉ. अरुण जोशी, प्रधानाचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल, किसान नेता रमेश चंद्र तिवारी, पूर्व नगर अध्यक्ष पंतनगर एन.डी. पांडे, मनोज तिवारी, हेम चंद्र तिवारी, अमित दुम्का, ललित जोशी, आलोक उप्रेती, डॉ. दीपक जोशी, ललित भट्ट, संतोषी गुरुरानी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

