पेट्रोल डालकर पड़ोसी को जलाने वाला आरोपी मृत मिला, झाड़ियों में मिला शव
पौड़ी। थलीसैंण क्षेत्र के रौली गांव में पड़ोसी को कथित रूप से पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले आरोपी का शव सोमवार सुबह झाड़ियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आनंद सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि शनिवार शाम करीब सात बजे उसने अपने पड़ोसी वीरेंद्र सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। घटना में वीरेंद्र सिंह करीब 45 प्रतिशत तक झुलस गए, जिनका इलाज पौड़ी जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना के दौरान आरोपी आनंद सिंह भी आग की चपेट में आ गया था, जिससे उसके बाएं हाथ और पैर में चोटें आई थीं। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
पीड़ित वीरेंद्र सिंह की पत्नी शांति देवी की तहरीर पर उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
फरार आरोपी की तलाश में चलाए जा रहे अभियान के दौरान सोमवार सुबह करीब नौ बजे रौली गांव की सरहद पर झाड़ियों में आनंद सिंह का शव बरामद हुआ। पुलिस को घटनास्थल से फिनाइल की खाली बोतल और 100 मिलीलीटर की सीलबंद कीटनाशक बोतल भी मिली है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

