यूपीसीएल और 15 ठेका कंपनियों के खिलाफ औद्योगिक विवाद, 19 फरवरी को श्रम विभाग में सुनवाई
नैनीताल। उत्तराखंड ऊर्जा आउटसोर्स श्रम संगठन ने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) और उससे जुड़ी 15 ठेका/सेवा प्रदाता कंपनियों के खिलाफ औद्योगिक विवाद दर्ज कराया है।
यह प्रार्थना पत्र औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 (उत्तराखंड में अनुकूलित) के अंतर्गत 11 दिसंबर 2025 को संसाधन अधिकारी/सहायक श्रमिक आयुक्त कार्यालय, नैनीताल में प्रस्तुत किया गया था।
श्रमिक पक्ष की ओर से संगठन के सचिव/अधिकृत प्रतिनिधि पान सिंह चिलवाल ने प्रबंधन पक्ष पर आउटसोर्स कर्मियों से जुड़े अधिकारों, वेतन, सेवा शर्तों एवं अन्य श्रम संबंधी मुद्दों को लेकर विवाद उठाया है। प्रतिवादी पक्ष में यूपीसीएल प्रबंधन के साथ-साथ वैव फ्यूजन इन्फोटेक, ऋषिगा इंजीनियरिंग, एलएनएनडीटी इलेक्ट्रिकल, गुरुकृपा इंजीनियरिंग, विजय इलेक्ट्रिकल सहित कुल 15 ठेका कंपनियां शामिल हैं।
श्रम विभाग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, दोनों पक्षों को 19 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे सहायक श्रमिक आयुक्त/संसाधन अधिकारी, नैनीताल के समक्ष सुनवाई हेतु उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मामले को लेकर ऊर्जा विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों में खासा रोष और हलचल देखी जा रही है।
श्रमिक संगठन ने मांग की है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन, सामाजिक सुरक्षा और स्थायी प्रकृति के कार्यों में स्थायित्व जैसे अधिकार सुनिश्चित किए जाएं।
अब सभी की निगाहें 19 फरवरी को होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।














