ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर भगवान बंसल ने किया उद्घाटन, 24 जून तक होंगे रोमांचक मुकाबले

रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल में आईपीएससी ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 23 एवं 24 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न नामचीन विद्यालयों की ताइक्वांडो टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल भावना को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।

चैंपियनशिप का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर भगवान बंसल (जय भगवान) ने किया। 75 वर्षीय बंसल वर्ष 1970 से पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। उन्होंने डरबन में आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण पदक जीतने सहित कुल 20 अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता का विकास करते हैं, बल्कि नेतृत्व, आत्मविश्वास और अनुशासन जैसे गुणों को भी सुदृढ़ बनाते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के वित्तीय प्रबंधक संजय गुप्ता, मुखर्जी निर्वाण, खेल विभाग से पृथ्वीराज सिंह किरौला, लीला सिंह बिष्ट एवं केदार सिंह गड़िया, उपप्रधानाचार्य राकेश मुलासी, हेडमास्टर अजय शर्मा, जतिन ग्रोवर, तुषार मिश्रा, आलोक अस्थाना, कुणाल जोशी सहित विद्यालय के शिक्षकगण और छात्र उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में उत्साह और जोश देखने को मिला।

आगामी मुकाबलों में देशभर से आए प्रतिभागी विभिन्न वर्गों में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। आयोजन से नैनीताल में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है और खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिला है।

यह भी पढ़ें :  भूसे की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, नैनीताल जिले से बाहर भेजने पर रोक
error: Content is protected !!