ब्रेकिंग न्यूज़

जर्जर भवन में चल रहा कोटाबाग खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नियमित बीईओ और मरम्मत की उठी मांग

टपकती छत, दीमक लगी दीवारें और स्टाफ की कमी से कर्मचारी व शिक्षक परेशान, हादसे की आशंका

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी (नैनीताल)। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग ब्लॉक स्थित खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय अपनी बदहाल व्यवस्था और जर्जर भवन के कारण लंबे समय से समस्याओं से जूझ रहा है।

कार्यालय में नियमित खंड शिक्षा अधिकारी की तैनाती नहीं होने से पूरा काम प्रभारी अधिकारियों के भरोसे संचालित हो रहा है। इसका सीधा असर यहां आने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है, जिन्हें विभिन्न कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कार्यालय की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उर्मिला मेहरा ने बताया कि भवन की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। बरसात के दौरान छत से लगातार पानी टपकता है, जिससे महत्वपूर्ण अभिलेखों, फाइलों और कंप्यूटर उपकरणों को सुरक्षित रखना चुनौती बन जाता है।

उन्होंने कहा कि इसी भवन में बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा के ब्लॉक स्तरीय कार्यालय संचालित होते हैं, लेकिन कमरों की जर्जर हालत के कारण कर्मचारियों में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि नियमित खंड शिक्षा अधिकारी के अभाव में प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि बेसिक शिक्षा शाखा के कर्मचारियों के लिए केवल एक कमरा उपलब्ध है, जिसमें तीन से चार कर्मचारी एक साथ बैठकर कार्य करने को मजबूर हैं।

सीमित स्थान के कारण कर्मचारियों के साथ-साथ कार्यालय आने वाले लोगों को भी काफी असुविधा होती है। उन्होंने बताया कि भवन में दीमक लग चुकी है, जिससे दीवारों और छतों में दरारें आ गई हैं। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्यालय में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति नहीं होने के कारण कर्मचारियों को स्वयं ही सफाई का कार्य करना पड़ता है, जिससे उनके नियमित कार्य भी प्रभावित होते हैं।
कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों ने सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की है कि कोटाबाग में शीघ्र नियमित खंड शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति की जाए, सफाई कर्मचारी तैनात किया जाए तथा जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए। कर्मचारियों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी : चकलुवा के रतनपुर गांव में बाघ का आतंक

You missed

error: Content is protected !!