ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। नैनीताल जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिनों के भीतर दूसरी मौत ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है।

ताजा मामला रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज अंतर्गत भड्यूनी गांव का है, जहां 30 वर्षीय युवक को एक वन्यजीव ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों की मांग है कि जब तक संबंधित वन्यजीव को मारने की अनुमति नहीं दी जाती, तब तक वे शव नहीं उठने देंगे। इस दौरान ग्रामीणों ने डीएफओ का घेराव भी किया।

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला करने वाला जानवर गुलदार था या बाघ, लेकिन गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।

मौके पर पहुंचे कालाढूंगी विधायक वंशीधर भगत ने बताया कि उन्होंने मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से बात की है और वन्यजीव को मारने के आदेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गांव में सोलर लाइट लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है।

वहीं, वेस्टर्न सर्किल के सीएफ नीतीश मणि त्रिपाठी ने कहा कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही वन्यजीव को रेस्क्यू या मारने को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वन विभाग की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और लोगों से सतर्क रहने, खासकर शाम के समय अकेले बाहर न निकलने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें :  लालकुआ : मदरसन कंपनी विवाद खत्म, 12 मांगें मानीं—श्रमिकों ने खत्म किया अनशन, काम पर लौटे

You missed

error: Content is protected !!