पत्रकारों पर हमला प्रेस की स्वतंत्रता का गला घोंटने का कुत्सित प्रयास: NUJ
● अल्मोड़ा के नर्सिंग कॉलेज प्रबंधक की गुंडागर्दी पर भड़की नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स
● DGP और SP को पत्र भेजकर आरोपी संदीप ठाकुर की गिरफ्तारी की मांग, प्रदेश भर के पत्रकारों में भारी रोष
नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (NUJ) ने अल्मोड़ा स्थित ‘मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग’ में पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता और हमले के प्रयास की घटना की कड़ी निंदा की है। यूनियन ने आरोपी प्रबंधक संदीप ठाकुर के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
घटना उस समय की है जब संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रबंधन पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान कवरेज कर रहे वरिष्ठ पत्रकार किशन जोशी ने प्रबंधक का पक्ष जानने का प्रयास किया।
आरोप है कि सवालों से बौखलाए प्रबंधक ने पुलिस की मौजूदगी में ही पत्रकार की माइक आईडी और कैमरा छीन लिया तथा अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, उन्होंने पत्रकार पर शारीरिक हमला करने की भी कोशिश की। मौके पर मौजूद पत्रकार मोहित अधिकारी और अभिषेक साह ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने अल्मोड़ा के पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिदेशक को भेजे पत्र में कहा कि यह घटना प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।
यूनियन के संरक्षक त्रिलोक चन्द्र भट्ट, महासचिव गोपालदत्त गुरूरानी, उपाध्यक्ष दीपक पाठक और सुनील शर्मा समेत कई पदाधिकारियों ने भी घटना की कड़ी निंदा की है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों के पत्रकारों ने एकजुट होकर इस मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की है।

