ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल में जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम सम्पन्न

जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास ने सुनी समस्याएं,अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

3 महिलाओं को किया गया महालक्ष्मी किट का वितरण

आश्रम पद्धति विद्यालय बेतालघाट तथा ख़न्शयू को हाईस्कूल से उच्चीकृत कर इंटरमीडिएट तक किए जाने की घोषणा

भीमताल। विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत विकासखंड भीमताल सभागार में आयोजित जनप्रतिनिधियों के संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास ने जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त जारी होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी प्रसारण देखा गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री खजान दास ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बेतालघाट और खनश्यु के आश्रम पद्धति विद्यालयों को हाईस्कूल से इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जनता की सेवा के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से लाखों लोगों तक सरकार पहुंची है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह केड़ा ने प्रत्येक क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत को विधायक निधि से दस-दस सोलर लाइटें उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने झीलों में जमी सिल्ट की समस्या के समाधान के लिए नगर निकायों के माध्यम से डिसिल्टिंग कार्य कराने की बात कही।

प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम से अनुपस्थित सिंचाई विभाग, पेयजल निगम और जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। उन्होंने नौकुचियाताल, सातताल और भीमताल क्षेत्र की यातायात, पार्किंग, अवैध निर्माण, रामगढ़ रोडवेज स्टेशन निर्माण, अवैध शराब बिक्री तथा सीवर लाइन निर्माण जैसी समस्याओं पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आश्वासन दिया कि मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्य, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, भावना मेहरा, देवेंद्र सिंह ढेला, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आर्मी कैंट में किया योग शिविर का आयोजन
error: Content is protected !!