ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र में नगर पालिका के एक कर्मचारी का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच में फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है।

जानकारी के अनुसार हरिनगर, तल्लीताल निवासी 35 वर्षीय दीपक कुमार नगर पालिका में अनुसेवक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से कार्यालय भी नहीं जा रहे थे। मंगलवार शाम परिवार के सदस्य घर के अन्य कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान जब उन्होंने दीपक के कमरे का दरवाजा खोला तो वह बल्ली से गमछे के सहारे लटके हुए मिले।

घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक का अपनी पत्नी के साथ पिछले लगभग तीन वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था और वह लंबे समय से मानसिक तनाव में भी था।

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

यह भी पढ़ें :  भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल में 6A साइड फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, 450 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

You missed

error: Content is protected !!