ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं।
बदरीनाथ धाम से लौट रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी ढलान से नीचे गंगा नदी में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय आयुष्मान को श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे देवप्रयाग से पांच किलोमीटर आगे गंगा होटल दर्शन के समीप यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि सड़क पर पड़े मिट्टी के करीब पांच फीट ऊंचे ढेर पर चढ़ने के बाद वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई की ओर बढ़ गई। कुछ ही क्षणों में वाहन ढलान से लुढ़कते हुए गंगा नदी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। ऋषिकेश से गोताखोरों को भी बुलाया गया है, जो नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। रेस्क्यू के दौरान नदी किनारे दो पुरुषों और एक महिला के शव बरामद किए गए।
तहसीलदार वीरम सिंह पंवार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन उत्तराखंड नंबर का था और उसमें चालक समेत आठ लोग सवार थे। वाहन में राजस्थान के जैसलमेर निवासी दो परिवार यात्रा कर रहे थे।
इनमें गुड्डी देवी, उनके पुत्र अवलेश, नम्बरदार, आयुष्मान, पुत्री जाह्नवी तथा डॉ. दिनेश और उनकी पत्नी कमला शामिल थे। मृतकों की पहचान और लापता लोगों की तलाश जारी है।
हादसे में घायल 12 वर्षीय आयुष्मान की जान पहाड़ी से छिटककर बाहर गिरने के कारण बच गई। उसे गंभीर अवस्था में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार आयुष्मान बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचा था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
सीटी स्कैन में उसके दाहिने पैर की जांघ की हड्डी (राइट फीमर) में फ्रैक्चर पाया गया है। सर्जरी, ऑर्थो और एनेस्थीसिया विभाग की विशेषज्ञ टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है, जबकि लापता लोगों की खोज के लिए अभियान लगातार जारी है।

