ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

टांडा जंगल क्षेत्र में तड़के हुआ हादसा, फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हल्द्वानी। दिल्ली से छुट्टियां बिताने अपने घर लौट रहे 24 वर्षीय युवक की हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे पर टांडा जंगल क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी केटीएम बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार शनिवार तड़के करीब 3:45 बजे एक राहगीर ने सूचना दी कि रेंज कार्यालय से करीब डेढ़ किलोमीटर पीछे सड़क किनारे एक बाइक सवार घायल अवस्था में पड़ा है।

सूचना मिलते ही संजय वन चौकी से एसआई पंकज महर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर युवक गंभीर रूप से घायल मिला, जबकि उसकी केटीएम बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क किनारे पड़ी थी। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर कुंदन सिंह सम्मल (24) पुत्र खुशाल सिंह सम्मल निवासी ग्राम रौसिला, काठगोदाम, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। बताया गया कि कुंदन पिछले चार वर्षों से दिल्ली के एक होटल में नौकरी कर रहे थे। वह परिवार के सबसे बड़े बेटे थे और अपनी आय से परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग करते थे। परिवार में उनके दो छोटे भाई और एक बहन हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुंदन दिल्ली से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान टांडा जंगल क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ उनके घर पहुंच गई। ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए फरार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी बंदोबस्ती वार्ड 7 में सजी रात्रि चौपाल, सामाजिक मुद्दों पर हुआ मंथन
error: Content is protected !!