ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

लालकुआं। नगर के तिवारी नगर क्षेत्र की एक विवाहिता अपने दो छोटे बच्चों के साथ पिछले 17 दिनों से लापता है। परिजनों ने काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर अनहोनी की आशंका जताई है। पति ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पुलिस से जल्द पत्नी और बच्चों की तलाश करने की गुहार लगाई है।

पीड़ित संजय पुत्र सीताराम, निवासी तिवारी नगर, वार्ड नंबर-6, रेलवे बाजार, लालकुआं ने बताया कि उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले काजल शर्मा से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनमें छह वर्षीय दीपक, तीन वर्षीय देव और एक वर्षीय पवन शामिल हैं।

संजय के अनुसार, 10 जून 2026 की रात करीब 10 बजे उसकी पत्नी बिना किसी को बताए घर से चली गई। वह अपने साथ तीन वर्षीय देव और एक वर्षीय पवन को भी ले गई, जबकि बड़ा बेटा दीपक घर पर ही रह गया। संजय का कहना है कि घर में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी गायब है।

पति का कहना है कि पत्नी के जाने के बाद से बड़ा बेटा दीपक अपनी मां को याद कर लगातार रो रहा है। वहीं वह स्वयं भी पत्नी और बच्चों की तलाश में रिश्तेदारों के साथ लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

संजय ने आरोप लगाया है कि उसे शक है कि उसका बहनोई सचिन उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया है। उसका कहना है कि दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं, जिससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

संजय ने बताया कि उसने 17 दिन पहले लालकुआं कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। समय बीतने के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है और परिजन पुलिस से जल्द से जल्द विवाहिता और दोनों बच्चों का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 13 जुलाई 2026

You missed

error: Content is protected !!