चेन स्नैचिंग करने वाला गोली खाया हिस्ट्रीशीटर को SOG व हल्द्वानी पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ किया गिरफ्तार, चेन बरामद, बाइक सीज
महिला से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर की अपाचे बाइक और अवैध तमंचा बरामद
हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने भोटियापड़ाव क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे RR 310 बाइक तथा एक अवैध 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को भोटियापड़ाव क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश ने महिला से सोने की चेन छीन ली थी। मामले में तुलसी नगर पॉलीशीट काठगोदाम निवासी नीता शाह ने 18 मई को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष टीम गठित कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर आरोपी की पहचान आकाश कुमार गौतम के रूप में की।
पुलिस ने 19 मई को आरोपी आकाश कुमार गौतम पुत्र विशम्बर दयाल निवासी खना गोटिया, थाना सीबीगंज, बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से महिला की छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे RR 310 बाइक, एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपी सीबीगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी समेत करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी पूर्व में गुजरात पुलिस और रुद्रपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ों में भी घायल हो चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग मुकदमा भी दर्ज किया है।

