नैनीताल। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में आ गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और पुलिस गश्त को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मुख्य बाजारों, झीलों, पार्कों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम 24 घंटे सक्रिय रहकर भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करेगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पर्व के दौरान कहीं भी जाम की स्थिति न बने। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को पीएसी और अर्धसैनिक बलों के साथ एरिया डोमिनेशन, फ्लैग मार्च और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
धार्मिक स्थलों, होटलों, धर्मशालाओं और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष चेकिंग और सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा। पुलिस बल को शॉर्ट नोटिस पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ‘कमरबंदी’ मोड में रखा गया है।
बकरीद पर्व की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जनपद में 3 एसपी, 4 सीओ, 14 थाना प्रभारी, 75 एसआई/एएसआई, 254 पुलिस कर्मियों के साथ पीएसी की 2 कंपनियां, 5 फायर टीम, 4 ड्रोन टीम और 2 SDRF टीमें तैनात की गई हैं।


