नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जनपद नैनीताल के लिए 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) को भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
ललित मोहन रयाल ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
वर्तमान में भी जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे हालात में किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी के आदेशानुसार 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की शिक्षण गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर आदेश की अवहेलना या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


