छात्रा को जबरन गाड़ी में डालने की कोशिश
स्थानीय लोगों की सतर्कता से टली बड़ी घटना, तीन युवक गिरफ्तार
देहरादून। विकासनगर के हरबर्टपुर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक छात्रा के साथ जबरन अपहरण का प्रयास किया गया। स्कूल से घर लौट रही छात्रा को कार सवार तीन युवकों ने रोककर गाड़ी में डालने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों और ढाबा संचालक की तत्परता से छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया।
पांवटा रोड पर हुई घटना, बिना नंबर की थार से की गई कोशिश
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे एक निजी स्कूल की छात्रा घर जा रही थी। जैसे ही वह पांवटा रोड स्थित एक ढाबे के पास पहुंची, तभी बिना नंबर की थार में सवार तीन युवकों ने पहले उसके साथ छेड़छाड़ की और फिर उसे जबरन वाहन में खींचने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों ने घेरकर बचाई छात्रा
घटना को देख ढाबा संचालक और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत मौके पर पहुंचकर युवकों को घेर लिया। भीड़ बढ़ती देख आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन करीब एक किलोमीटर पीछा करने के बाद तीनों को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि स्कूल से लौटते समय उनकी बेटी और अन्य छात्राओं के साथ कुछ युवक अक्सर छेड़छाड़ करते थे। गुरुवार को उनकी पुत्री को जबरन गाड़ी में डालने की कोशिश की गई।
उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय लोग समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वाहन सीज, आरोपियों से पूछताछ जारी
कोतवाली पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों जावेद, सोहिल और परवेज, निवासी ढकरानी, के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना में प्रयुक्त थार वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।














