मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
हल्द्वानी। शहर के कमलुवागांजा रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर मुखानी कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मुखानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान दीपक भट्ट, निवासी इन्द्रपुरम कॉलोनी, हरिपुर नायक, हल्द्वानी के रूप में हुई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।
पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक की अंतिम गतिविधियों और घटना से जुड़े संभावित सुराग मिल सकें।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।


