ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के आनंदपुरी महेश नगर में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति आधी रात एक घर में घुसकर महिलाओं के कपड़े चोरी करता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-9 स्थित आनंदपुरी महेश नगर में 19 जून की रात करीब 3:30 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति गली में घूमता हुआ दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज में वह एक घर के आंगन में सूख रहे कपड़ों पर नजर डालता है और करीब आठ फीट ऊंची दीवार फांदकर घर के भीतर प्रवेश कर जाता है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी आंगन में टंगे कपड़ों को एक-एक कर उतारता है और उन्हें अपने लोअर के अंदर छिपा लेता है। इसके बाद वह उसी दीवार को फांदकर बाहर निकल जाता है। बाहर आने के बाद कुछ देर तक वह आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता है और फिर मौके से फरार हो जाता है।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें :  बिठोरिया नंबर-1 में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक का वित्तीय जागरूकता शिविर, डिजिटल बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी
error: Content is protected !!