ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल पुलिस का ध्वनि प्रदूषण पर बड़ा अभियान, तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर और एम्पलीफायर किए जा रहे सीज

धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और साइलेंट जोन में चल रही सघन जांच, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

नैनीताल। जनपद में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नैनीताल पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय और पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड, देहरादून के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में उच्च तीव्रता वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर आदि) के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

एसपी क्राइम और एसपी सिटी के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा साइलेंट जोन में लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों की गहन जांच की जा रही है। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों का पालन हो।

पुलिस की जांच में निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित किए जा रहे लाउडस्पीकरों और एम्पलीफायरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले मामलों में बड़ी संख्या में ध्वनि विस्तारक यंत्रों को मौके से हटाकर सीज किया जा रहा है।

नैनीताल पुलिस अभियान के दौरान संबंधित संस्थानों, धार्मिक स्थलों के प्रबंधन और आम नागरिकों को भी ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों, न्यायालयों के आदेशों और शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर जागरूक कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक शांति, विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण आवश्यक है।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने अथवा निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर चलाने वालों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने सभी नागरिकों और संस्थानों से नियमों का पालन कर शांतिपूर्ण एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में 230 करोड़ की सड़क-ड्रेनेज परियोजनाओं का कुमाऊं आयुक्त ने किया निरीक्षण, देरी पर जताई नाराजगी
error: Content is protected !!