ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

दो बाघों के शिकार मामले में तीन और गिरफ्तार, जहरीला मांस खिलाकर ली थी जान

हरिद्वार। श्यामपुर रेंज में दो बाघों के शिकार के मामले में वन विभाग की टीम ने गुरुवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशिक, जुप्पी और यूसुफ के रूप में हुई है।

आशिक और जुप्पी श्यामपुर की गुज्जर बस्ती के निवासी बताए गए हैं, जबकि यूसुफ गैंडीखाता गुज्जर बस्ती का रहने वाला है। इससे पहले इस मामले में आलम उर्फ फम्मी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पांचवां आरोपी आमिर हमजा उर्फ मिया अभी फरार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को श्यामपुर रेंज की सजनपुर बीट स्थित कंपार्टमेंट संख्या-09 में दो बाघों के पैर कटे शव बरामद हुए थे।

जांच में सामने आया कि वन गुज्जरों की एक भैंस का शिकार बाघिन ने किया था। इससे नाराज आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से मृत भैंस के शव पर जहरीला पदार्थ छिड़क दिया। जहरीला मांस खाने से दो वर्षीय नर और मादा बाघ की मौत हो गई।

वन विभाग की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बाघों की मौत के बाद आरोपियों ने उनके पैर काट दिए थे। आशंका जताई जा रही है कि वन्यजीव अंगों की तस्करी के लिए पंजे निकालने और अन्य अंगों को बेचने की तैयारी की जा रही थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें :  कैंची धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस अलर्ट

You missed

error: Content is protected !!