वीकेंड पर कैंची धाम-भवाली-भीमताल में ट्रैफिक प्लान लागू, शटल सेवा से होंगे दर्शन
हल्द्वानी–काठगोदाम क्षेत्र में वीकेंड के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने 18 और 19 अप्रैल 2026 के लिए विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 06:00 बजे से रात 22:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
प्लान के तहत इस दौरान सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को सुबह 06:00 बजे से रात 21:00 बजे तक जनपद सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, शहर के भीतर आने वाले वाहनों को भीमताल एचएमटी, सलड़ी और अन्य निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा।
मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गौलापार और खेड़ा चौकी क्षेत्र में रोका जाएगा। बरेली रोड और रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह रामनगर, बाजपुर और कालाढुंगी से आने वाले वाहनों को कालाढुंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली होते हुए भेजा जाएगा। पर्वतीय क्षेत्रों से लौटने वाले पर्यटक वाहनों को भी नारीमन तिराहा से गौलापार के रास्ते भेजा जाएगा।
रविवार 19 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक भवाली और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन लागू रहेगा। इन वाहनों को रूसी बाईपास और मंगोली होते हुए कालाढुंगी रूट से भेजा जाएगा।
नैनीताल जनपद के कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, शनिवार और रविवार को अल्मोड़ा व रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा, ताकि कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति न बने।
हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहा से पहले रोका जाएगा या वैकल्पिक मार्ग—रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग—से भेजा जाएगा।
बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। जो पर्यटक भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाना चाहते हैं, उनके निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से उन्हें शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम तक पहुंचाया जाएगा।
वहीं, नैनीताल और गेठिया मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और वहां से भी शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे वीकेंड के दौरान जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें, जिससे यात्रा सुगम बनी रहे और अनावश्यक जाम से बचा जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए तय ट्रैफिक प्लान का पालन करें और यात्रा से पहले रूट की जानकारी जरूर लें।

