भीमताल, नैनीताल और हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास, मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए जागरूकता का संदेश दिया गया।
नैनीताल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल में विकास भवन भीमताल, फ्लैट्स मैदान नैनीताल एवं मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में योगाभ्यास के साथ-साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप, मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं समन्वयक स्वीप तथा जिला आयुष अधिकारी के समन्वय से आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी सहभागिता की।
आयुष विभाग के प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया गया।
योगाभ्यास के बाद उपस्थित लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान की जानकारी दी गई। नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और विवरण सत्यापन की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही लोकतंत्र को सशक्त बनाने में शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में “स्वस्थ नागरिक, सशक्त लोकतंत्र” का संदेश देते हुए योग और मतदाता जागरूकता को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान S.I.R. अभियान से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की गई तथा उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का समापन योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।


