देहरादून। बंजारावाला क्षेत्र में एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्रों से मजदूरी कराने के आरोप में स्कूल की प्रधानाध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

विद्यालय की यूनिफॉर्म पहने छात्रों का फावड़े से तसले में रेत और बजरी भरने तथा उन्हें सिर पर उठाकर स्कूल की ओर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया।

बताया जा रहा है कि टी स्टेट स्थित विद्यालय में यह वाकया सोमवार को हुआ जहां परिसर में बन गए गड्ढ़ों को भरने के लिए छात्र रेत और बजरी ला रहे थे।

राजधानी देहरादून में ऐसी घटना सामने आने के बाद अधिकारियों को मामले की जांच कराने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

देहरादून के जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) प्रेमलाल भारती ने बताया कि घटना का संज्ञान लेते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंजू मैनादुली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मैनादुली से तीन दिन के अंदर मामले में स्पष्टीकरण देने को भी कहा गया है।

भारती ने बताया कि रायपुर क्षेत्र की खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भगवानपुर रोड पर पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूरा, सड़क निर्माण ने पकड़ी रफ्तार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.