नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय में विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कुलपति कार्यालय पहुंचने पर कूटा (कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ) सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रो. बिष्ट का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान स्वागत के अवसर पर पटाखे भी छोड़े गए और परिसर में उत्साह का माहौल नजर आया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नव नियुक्त कुलपति को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विश्वविद्यालय की जिम्मेदारियों को संभाला। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
स्वागत कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे, कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, निदेशक प्रो. संजय पंत सहित डॉ. शिवांगी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. कुबेर गिनती, प्रो. हरीश बिष्ट, प्रो. अमित जोशी, प्रो. एल.के. सिंह, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. दीपक मेलकानी, एल.डी. उपाध्याय समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
इस दौरान नव नियुक्त कुलपति के स्वागत में लड्डू एवं अन्य मिष्ठान का वितरण भी किया गया।
विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने प्रो. बिष्ट के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कुमाऊं विश्वविद्यालय शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।





































