ब्रेकिंग न्यूज़

विकास प्राधिकरण पर पहाड़ के मूल निवासियों को परेशान करने का आरोप, हरीश पनेरू ने दी आंदोलन की चेतावनी

भीमताल। राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विकास प्राधिकरण की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण द्वारा पहाड़ के मूल निवासियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हरीश पनेरू का कहना है कि हाल ही में प्रशासन द्वारा बिना पंजीकरण के संचालित होम स्टे के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

लेकिन इस कार्रवाई के नाम पर स्थानीय पहाड़ी निवासियों को निशाना बनाया जा रहा है और उन्हें अपने दुकानों के निर्माण, मरम्मत या छोटे-मोटे कार्य करने से भी रोका जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि रामगढ़ ब्लॉक, धारी ब्लॉक और भीमताल ब्लॉक के कई क्षेत्रों में प्राधिकरण की टीम द्वारा लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है और उन पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। इससे स्थानीय लोग मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।

पनेरू ने कहा कि पहाड़ के मूल निवासी वर्षों से यहां रहकर छोटे-छोटे व्यवसाय और निर्माण कार्य के माध्यम से अपना जीवनयापन करते हैं।

ऐसे में विकास प्राधिकरण की इस तरह की कार्रवाई स्थानीय लोगों के अधिकारों और राज्य आंदोलन की मूल भावना के खिलाफ है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पहाड़ के मूल निवासियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाली कार्रवाई को तुरंत रोका जाए। साथ ही स्पष्ट नीति बनाकर ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जाए।

राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक-दो दिन के भीतर इस प्रकार की कार्रवाई नहीं रोकी गई, तो क्षेत्र के लोग मजबूर होकर उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की होगी, क्योंकि विकास प्राधिकरण उनके निर्देशों पर ही कार्रवाई करता है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नन्दा राज जात यात्रा के लिए डोर गांव के ग्रामीणों की पदयात्रा, थाला बुग्याल पहुंचे यात्री

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.