कोटाबाग के गिनतीगाँव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह, शिक्षकों का हुआ भावुक व भव्य सम्मान
SMC की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों को शॉल व स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित, ब्लॉक प्रमुख मनीषा जंतवाल ने शिक्षकों को बताया समाज का सच्चा शिल्पकार
रिपोर्टर: नीरज तिवारी
कालाढूंगी(नैनीताल)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय गिनतीगांव में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की ओर से गरिमामय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा के स्तर पर बच्चों की नींव मजबूत करने वाले शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और निस्वार्थ योगदान को सम्मान देना रहा। समारोह में शिक्षकों को सम्मानित किए जाने के साथ ही विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कोटाबाग की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मनीषा जंतवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती ममता गुप्ता ने की। दीप प्रज्ज्वलन के बाद विद्यालय परिवार और ग्रामीणों की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि मनीषा जंतवाल ने शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे शिल्पकार हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्राथमिक स्तर पर मिलने वाली शिक्षा, संस्कार और अनुशासन उनके भविष्य की दिशा तय करते हैं। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का कार्य नहीं करते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट एवं समर्पित शिक्षण कार्य के लिए शिक्षकों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन समिति और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह शिक्षकों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने विभिन्न लोकनृत्य, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मासूम बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
समारोह में गोपाल दत्त जोशी, विक्रम जंतवाल, गीता तिवारी, हरपाल सिंह जखवाल सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय में आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान समाज में शिक्षा और संस्कारों के महत्व को और मजबूत करता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने शिक्षा, संस्कार और शिक्षक-समाज के बीच मजबूत संबंध का संदेश दिया।





