ब्रेकिंग न्यूज़

पीपलपानी संस्कार में शामिल होने के लिए ओखलकांडा गए बुजुर्ग का घरचोरों ने खगाला

चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब 80 हजार रुपये नकद तथा  सात तोला सोने के जेवर किए पार

नैनीताल/चोरगलिया। चोरगलिया क्षेत्र के उमेदपुर नंबर-2 में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोर खिड़की की जाली काटकर घर के बंद कमरे में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 80 हजार रुपये नकद तथा लगभग सात तोला सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार उमेदपुर नंबर-2 निवासी दुर्गा दत्त फुलारा अपने भाई के पीपलपानी संस्कार में शामिल होने के लिए पतलोट गए हुए थे। इस दौरान उनके दो मंजिला मकान का ऊपरी मंजिल पर स्थित एक कमरा बंद था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य ग्राउंड फ्लोर पर रह रहे थे।

शुक्रवार सुबह दुर्गा दत्त फुलारा का बेटा छत पर बने बंद कमरे की ओर गया तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और खिड़की की जाली कटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि चोर खिड़की के रास्ते कमरे में घुसे थे और उन्होंने अलमारी का ताला तोड़ दिया था।

पीड़ित परिवार के अनुसार अलमारी में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद के अलावा दो सोने की नथ, चार जोड़ी झुमके, एक सोने की अंगूठी और दो मंगलसूत्र गायब मिले। चोरी हुए आभूषणों का वजन लगभग सात तोला बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में मानसून का फिर कहर, 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.