बर्थडे केक को लेकर शुक्रवार की रात दो पक्षों के बीच पथराव हुआ

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला

हल्द्वानी। बर्थडे केक को लेकर हुआ विवाद साम्प्रदायिक रंग ले गया। शुक्रवार देर रात हुए घटनाक्रम में दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ और माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा। 

      नैनीताल जिले में हल्द्वानी के वनभूलपुरा क्षेत्र स्थित आजाद नगर में मामूली बात पर बबाल शुरू हो गया। बर्थडे केक का विवाद दो समुदायों के बीच मारपीट में बदल गया।

दोनों ओर से ईंट-पत्थर चले जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर स्थिति को संभालने की कोशिश की। 

     जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात गांधीनगर के कुछ युवक देररात बाइकों से लाइन नंबर आठ की एक दुकान पर बर्थडे केक लेने पहुंचे। आरोप है कि दुकान बंद होने पर युवक गाली-गलौज करने लगे। वहां मौजूद लोगों ने टोका तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मौके पर जमा लोगों ने बाइक सवारों को पीटकर भगा दिया।

थोड़ी देर बाद युवक कई लोगों के साथ पहुंचे और पथराव कर दिया जिसपर दूसरे पक्ष ने भी जवाबी पथराव किया। सूचना के बाद एस.पी.सिटी हरबंस सिंह और सी.ओ.भूपेंद्र सिंह धौनी भारी फोर्स के साथ पहुंचे और उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा।

बर्थ-डे केक लेने पहुंचे युवाओं की इस हरकत ने देखते ही देखते सांप्रदायिक तनाव का रंग ले लिया। लोगों का कहना है कि युवाओं ने तेज आवाज में बाइकों के हॉर्न बजाये और दुकान के शटर पर हाथ मारा और बोला कि भाई का बर्थ-डे है, दुकान कैसे नहीं खुलेगी।

लाइन नंबर आठ के लोगों ने सामूहिक तहरीर सौंपी है। आधी रात हुए बवाल के बाद अचानक लाइन नंबर आठ और गांधीनगर के लोग आमने-सामने आ गए।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 22 अक्टूबर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.