ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा मार्ग पर अब सोशल मीडिया रील्स, वीडियो और ब्लॉगिंग पर सख्ती देखने को मिलेगी। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर परिसरों में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम सहित अन्य धामों में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसी के साथ सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने, रील शूट करने और ब्लॉगिंग का चलन भी बढ़ा है, जिससे दर्शन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

हेमंत द्विवेदी के अनुसार कई बार श्रद्धालु दर्शन के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त रहते हैं, जिससे कतारें धीमी हो जाती हैं और अन्य भक्तों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा भीड़भाड़ के दौरान मोबाइल का अत्यधिक उपयोग सुरक्षा की दृष्टि से भी चुनौती बन रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार स्तर पर भी इस विषय में सहमति बन चुकी है और जल्द ही मंदिर परिसरों में मोबाइल उपयोग और वीडियो शूटिंग को लेकर सख्त नियम लागू किए जाएंगे। विशेष रूप से इनफ्लुएंसर, व्लॉगर और रील बनाने वालों पर निगरानी रखी जाएगी।

मंदिर समिति का मानना है कि इस फैसले से न केवल दर्शन व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि श्रद्धालुओं को शांत और आध्यात्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना करने का अवसर भी मिलेगा।

चारधाम यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा सकती है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मकान के कमरे से युवक का शव बरामद, इलाके में मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.