ब्रेकिंग न्यूज़

मामा की शादी में आई 10 साल की बच्ची सरयू नदी में डूबी, मौत

शादी के अगले दिन मां के साथ नदी में नहाते समय हुआ हादसा

पिथौरागढ़। जिले के सिंतोली गांव की 10 वर्षीय बच्ची की सरयू नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपनी मां के साथ मामा की शादी में शामिल होने पंचेश्वर घाटी के नेत्रसलान गांव गई थी।

जानकारी के अनुसार, सिंतोली निवासी भावना (पीहू), पुत्री सुमिरन सिंह कार्की, अपनी मां सरस्वती देवी के साथ शादी समारोह में शामिल होने आई थी।

शादी के दूसरे दिन बृहस्पतिवार सुबह वह परिजनों के साथ सरयू नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई।

मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद उसे नदी से बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इमरजेंसी में तैनात डॉ. अमन आलम ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता, जो मुंबई में निजी नौकरी करते हैं, उन्हें भी घटना की सूचना दे दी गई है।

भावना नगर स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा पांच की छात्रा थी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट में नहीं हो सकी सुनवाई, अगली तारीख का इंतजार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.