ब्रेकिंग न्यूज़

पति ने नहीं मानी बात तो बेटी संग 60 फीट गहरे कुएं में कूदी पत्नी, होली की खुशियां मातम में बदलीं; रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना

इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के लालपुरा गांव में होली का त्योहार उस समय मातम में बदल गया, जब एक मामूली घरेलू विवाद के बाद मां-बेटी ने 60 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में 18 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, लालपुरा गांव निवासी रेखा देवी (38) का अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद की वजह यह थी कि रेखा देवी ने अपने पति को होली के दिन ऑटो चलाने से मना किया था, लेकिन पति के न मानने पर वह गुस्से में घर से बाहर निकल गईं और पास के कुएं में कूद गईं। अपनी मां को कुएं में कूदता देख 18 वर्षीय बेटी भूमि भी उनके पीछे-पीछे छलांग लगा बैठी।

कुएं से आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गांव के युवक करन सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए कुएं में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद रेखा देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, गहराई और अंधेरे के कारण वह बेटी भूमि को नहीं ढूंढ सके।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भूमि का शव कुएं से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गंभीर रूप से घायल रेखा देवी को महेवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक का माहौल है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : ग्रामीण विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल, बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्कूल को दिए स्मार्ट बोर्ड और कंप्यूटर सिस्टम

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.