ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (EDII India) द्वारा ईटीसी बगजाला, हल्द्वानी में तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नैनीताल जनपद के उच्च शिक्षण संस्थानों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ ईटीसी की प्राचार्य पूनम कांडपाल, डॉ. हरीश चंद्र जोशी (रामगढ़ महाविद्यालय), डॉ. कविता पंत (डोसा पानी महाविद्यालय), डॉ. बुरहरा (गोलापार शहर महाविद्यालय) तथा डॉ. आशीष अंशु (गोलापार शहर महाविद्यालय) ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता, नवाचार और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उद्यमिता को भविष्य की आवश्यकता बताया।

तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप में 43 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान उद्यमिता विशेषज्ञों द्वारा उद्यमी मानसिकता का विकास, व्यवसायिक विचार सृजन, विपणन, ब्रांडिंग, ब्रेनस्टॉर्मिंग और आइडिया वैलिडेशन जैसे विषयों पर पांच तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही समूह गतिविधियों एवं सहभागिता आधारित अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों के व्यावहारिक कौशल को भी विकसित किया जा रहा है।

ईडीआईआई इंडिया के प्रोजेक्ट ऑफिसर भूपेंद्र सिंह मेहरा (नैनीताल), महेंद्र सिंह रौतेला (अल्मोड़ा) तथा डॉ. रजत शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अपने नवाचार आधारित विचारों को सफल स्टार्टअप और उद्यम में बदलने के लिए प्रेरित किया।

आयोजकों के अनुसार, राज्यभर में आयोजित इन बूट कैंपों के उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन आगामी छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) के लिए किया जाएगा। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बाद स्वरोजगार की ओर प्रेरित कर आत्मनिर्भर बनाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

यह पहल उत्तराखण्ड में नवाचार आधारित स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी : चकलुवा के रतनपुर गांव में बाघ का आतंक

You missed

error: Content is protected !!