ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून में रिश्वतखोर शिक्षा अधिकारी गिरफ्तार, एक लाख लेते रंगे हाथ विजिलेंस ने दबोचा

देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने डोईवाला क्षेत्र में उपखंड शिक्षा अधिकारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी को नेपाली फार्म के पास घूस लेते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद उसे रायवाला कोतवाली ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, उपखंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक निजी स्कूल को ए ग्रेड दिलाने और आरटीई के तहत छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिल पास करने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से संपर्क कर पूरी जानकारी दी।

विजिलेंस टीम ने मामले की पुष्टि के बाद ट्रैप प्लान तैयार किया। तय योजना के तहत आरोपी अधिकारी नेपाली फार्म क्षेत्र में अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत लेने पहुंचा। जैसे ही उसने शिकायतकर्ता से रुपये लिए, मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के साथ मौजूद पुष्पांजलि, जो ऋषिकेश स्थित उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल की संचालिका बताई जा रही हैं, को भी गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता के ‘गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश’ में आरटीई के तहत पढ़ने वाले बच्चों की प्रतिपूर्ति के बिल पास होने थे, जिसके बदले में रिश्वत की मांग की जा रही थी।

फिलहाल दोनों आरोपियों से रायवाला कोतवाली में गहन पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने संभाला कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार, शिक्षकों-कर्मचारियों ने किया भव्य स्वागत
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.