ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को तेज अंधड़, भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड बढ़ गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम सुहावना हो गया है।

सोमवार रात देहरादून सहित आसपास के इलाकों में हुई तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह तक रुक-रुक कर बारिश जारी रही, हालांकि दिन निकलने के बाद धूप आने से लोगों को कुछ राहत मिली।

पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि और बारिश के चलते तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है, जिससे सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। वहीं मैदानी इलाकों में भी तापमान में लगभग 5 डिग्री की कमी दर्ज की गई है।

चारधाम यात्रा पर भी मौसम का असर साफ दिख रहा है। केदारनाथ धाम में बारिश और बर्फबारी के बीच श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर रहे हैं। यहां तापमान शून्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई है और बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए कतार में लगे हैं।

इसी तरह बद्रीनाथ धाम, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है। ठंड से बचने के लिए श्रद्धालु और स्थानीय लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट में नहीं हो सकी सुनवाई, अगली तारीख का इंतजार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.