ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। बनभूलपूरा में नोटों से भरा बैग लेकर कैश बांटते हुए एक शख्स को पुलिस ने हिरासत में लिया है। अब तक की पूछताछ में वह पैसों का हिसाब किताब नहीं दे पाया है। आरोपी का नाम सलमान खान है, जो हैदराबाद से आया था।

हल्द्वानी के हिंसा प्रभावित क्षेत्र वनभूलपुरा में नोटों की गड्डियां बांटते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर अपलोड कई वीडियो में वह भड़काऊ बातें भी करता दिख रहा है। पुलिस अब उसकी पूरी कुंडली खंगालने में जुटी है।

आरोपी सलमान खान के इंस्टाग्राम अकाउंट से पता चलता है कि वह हैदराबाद यूथ करेज (एचवाईसी) नाम का एनजीओ चलाता है। 12 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाले सलमान ने इंस्टाग्राम पर कई वीडियो डाले हैं जिसमें वह लोगों को पैसे बांटता नजर आ रहा है।

हल्द्वानी हिंसा को लेकर उसने कई भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट किए हैं। लाइव हिन्दुस्तान ने और पड़ताल की तो पता चला कि हैदराबाद साइबर पुलिस भी उसे गिरफ्तार कर चुकी है।

हैदराबाद साइबर पुलिस की ओर से 26 मार्च 2021 को एक फेसबुक पोस्ट में कहा गया था कि हैदराबाद के हुमायूं नगर में रहने वाला सलमान खान बीमार लोगों की मदद के नाम पर लोगों से अवैध तरीके से पैसे हासिल कर रहा था। उस पर लोगों में भय पैदा करने का भी आरोप लगाया गया था।

उसे आईपीसी की धारा 406, 420 और 34 के तहत 29 जुलाई 2020 को गिरफ्तार किया गया था। 19 मार्च 2021 को भी उसे एहतियात के तौर पर हिरासत में रखा गया था।

हल्द्वानी पुलिस अब उससे पूछताछ करके यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके पास यह रकम कहां से और कैसे आई। सवाल यह भी उठता है कि वह हैदराबाद से दिल्ली फ्लाइट से आया तो इतना कैश कैसे लेकर आया।

वह कैश हैदराबाद से लेकर आया था या हल्द्वानी में ही इसकी व्यवस्था की थी इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा-सुनंदा महोत्सव में नैनीताल पुलिस की मानवीय पहल, 86 लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.