हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार गढ़वाल और कुमाऊँ मंडलों में एक-एक “स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन” की स्थापना की दिशा में तेज़ी से कार्य कर रही है।
इसका उद्देश्य आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देते हुए देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को सशक्त करना है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में दिव्य जागृति संस्थान द्वारा आयोजित शिव कथा में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने सहज ज्योति पूजन में भाग लेते हुए 108 थाली ज्योति प्रज्ज्वलित की और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित शिव भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा से इस पावन शिव कथा में सहभागिता का अवसर मिलना अत्यंत गौरव का विषय है।
उन्होंने दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संस्थापक परम पूज्य श्री आशुतोष महाराज जी को नमन करते हुए कहा कि उनके आध्यात्मिक मार्गदर्शन ने असंख्य लोगों को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर प्रेरित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्रों में भगवान शिव के अद्वैत स्वरूप का वर्णन मानव को आत्मचिंतन और चेतना की अनुभूति कराता है। जब अहंकार, द्वेष और नकारात्मकता समाप्त होती है, तब मानव जीवन शिवमय हो जाता है।
उन्होंने कहा कि कुमाऊँ अंचल सदियों से धर्म और अध्यात्म की जीवंत परंपरा का केंद्र रहा है। यहां के प्राचीन मंदिर, शिवालय और पवित्र जल स्रोत इस भूमि की सनातन और शैव परंपरा के साक्षी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रही है। राज्य सरकार भी देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने मानसखंड मंदिर माला मिशन, गंगा कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर, यमुना तीर्थ पुनरुद्धार और दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक अस्मिता, सामाजिक संतुलन और देवत्व की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के “विकल्प-रहित संकल्प” के साथ सरकार पूरी दृढ़ता से आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी सहित संस्थान के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिव भक्त उपस्थित रहे।














