ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

स्कूटी समेत खाई में गिरे युवक को SDRF व फायर टीम की मदद से निकाला, सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया

नैनीताल। तल्लीताल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाइंस–भवाली रोड पर बड़ा हादसा टल गया। स्कूटी से उतरते समय एक युवक अनियंत्रित होकर लगभग 100 से 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक की जान बचाई।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। खाई की गहराई अधिक होने के चलते एसडीआरएफ और फायर सर्विस की मदद ली गई। कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान कमल सिंह मेहरा पुत्र बालम सिंह मेहरा, निवासी पंगोट, मल्लीताल, नैनीताल (उम्र 33 वर्ष) के रूप में हुई है। युवक को शरीर में गंभीर चोटें और खुली चोटें आई हैं।

घायल को बिना देरी किए पुलिस के सरकारी वाहन से जिला चिकित्सालय बीडी पांडे, मल्लीताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

तल्लीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समन्वित रेस्क्यू अभियान से एक कीमती जान बच सकी।

यह भी पढ़ें :  सोशल मीडिया शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन, नैनीझील में चला बृहद सफाई अभियान
error: Content is protected !!