हल्द्वानी। नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की।
उन्होंने बजट की प्रमुख उपलब्धियों को बिंदुवार रखते हुए कहा कि यह बजट देश के समग्र विकास के साथ-साथ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को विकास की नई दिशा देने वाला है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बजट में सड़क, बिजली, पेयजल, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और पर्वतीय क्षेत्रों के लिए ट्रेल एवं कनेक्टिविटी परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी है। सड़क क्षेत्र में कई नई योजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिससे पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। इससे न केवल आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि बिजली और पेयजल से जुड़ी योजनाओं के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस है। इससे लोगों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर रूप से मिलेंगी और जीवन स्तर में सुधार होगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर बोलते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि नए पुलों, सरकारी भवनों और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं को गति दी जाएगी। इन योजनाओं से जहां एक ओर प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सांसद ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। कौशल विकास, स्वरोजगार और स्टार्टअप जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे पलायन की समस्या पर भी अंकुश लगेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को आगे बढ़ाने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि बजट में किए गए प्रावधानों का प्रभाव आने वाले समय में उत्तराखंड के विकास में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

