ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, हल्द्वानी में पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे अतिक्रमण से जुड़े मामले की आज देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार रेलवे द्वारा भी भारी संख्या में सुरक्षाबल बुलाए गए हैं। इसके साथ ही आईआरबी (IRB) और पीएसी (PAC) की अतिरिक्त टुकड़ियां भी हल्द्वानी पहुंच चुकी हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।

सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बाहरी फोर्स की तैनाती की गई है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का अनुपालन करना हर नागरिक की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें।

गौरतलब है कि रेलवे ने बनभूलपुरा क्षेत्र की लगभग 30 हेक्टेयर भूमि को अपनी बताते हुए उस पर अतिक्रमण होने का दावा किया है। इसी को लेकर रेलवे द्वारा सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर लगातार सुनवाई चल रही है। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक इस क्षेत्र में करीब 4365 भवन स्थित हैं और यहां 40 हजार से अधिक की मुस्लिम आबादी निवास करती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की शांति भंग होने की स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में Operation Crackdown: 335 लोगों का सत्यापन, 53 पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई

You missed

error: Content is protected !!