रंगों के त्योहार होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक युवक की उसके ही दोस्तों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के पराती गांव (वार्ड संख्या-3) की है, जहां सोमवार देर शाम एक बगीचे में चल रही पार्टी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्तों ने ही युवक की जान ले ली।
मृतक की पहचान सूरज साह (पिता: संतलाल साह) के रूप में हुई है, जो महज दो दिन पहले ही कोलकाता से अपने गांव होली मनाने आया था।
परिजनों के अनुसार, गांव के ही दो युवक सूरज और चंद्रशेखर उसे घर से पार्टी के बहाने बुलाकर ले गए थे। गांव के बाहर एक बगीचे में शराब और कबाब की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी चंद्रशेखर ने पिस्तौल निकालकर सूरज के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद करीब डेढ़ घंटे तक मामले को दबाने की कोशिश की गई। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने परिजनों को फोन कर गुमराह करते हुए कहा कि सूरज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और किसी को जानकारी न दी जाए।
हालांकि जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो सच्चाई सामने आई। आनन-फानन में सूरज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूरज साह कोलकाता में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।





